ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को जंतर-मंतर से हिरासत में ले लिया। दोनों पार्टी समर्थकों के साथ वहां पहुंचे थे और नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया।
CJP ने हिरासत में लिए गए नेताओं का वीडियो जारी किया। इसमें आशुतोष रांका ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा, “आज 10 लोग आए हैं, कल 1000 आएंगे, परसों 10,000 आएंगे।”
जंतर-मंतर निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाया गया
केंद्र सरकार ने सोमवार को जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया था। करीब 33 साल पहले जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शनों के लिए निर्धारित स्थल बनाया गया था। यहां अन्ना आंदोलन और पहलवानों के प्रदर्शन सहित कई आंदोलन हो चुके हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, गृह मंत्रालय की ओर से गठित समिति की सिफारिश पर दिल्ली में रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड को प्रदर्शन स्थलों के रूप में निर्धारित किया गया है। जंतर-मंतर को सूची से हटाने के पीछे सरकार की ओर से कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है। हालांकि, संसद से इसकी करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी को संभावित वजह माना जा रहा है।
प्रदर्शन की अनुमति मांगने के बाद बढ़ा घटनाक्रम
CJP के नेता सोमवार को संसद मार्ग थाने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए तारीख और समय निर्धारित करने की मांग की थी। पार्टी ने 24 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा था। रिपोर्ट के अनुसार, इसके कुछ समय बाद जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाने का आदेश जारी हुआ।
CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के विरोध में प्रदर्शन कर रही है। पार्टी ने 10 अक्टूबर को भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था, लेकिन उस दिन प्रदर्शनकारी वहां नहीं पहुंच पाए थे।
मंगलवार को पुलिस ने जंतर-मंतर के आसपास बैरिकेडिंग की और गेट बंद रखे। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी गेट पार कर परिसर में पहुंचे और तिरंगा लेकर नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। आशुतोष रांका ने हिरासत में लिए जाने के बाद वीडियो भी जारी किया।





















