बहराइच: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज नेपाल सीमा से सटे बहराइच के रूपईडीहा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 2 बजकर 50 मिनट पर रूपईडीहा स्थित कार्यक्रम स्थल के निकट उतरेगा। इसके बाद वह 3 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां रूपईडीहा से बनारस के लिए शुरू हुई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस दौरान वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री के वर्चुअल माध्यम से जुड़ने की भी संभावना है।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम शाम 4 बजे तक प्रस्तावित है, जिसके बाद वह 4 बजकर 5 मिनट पर प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नेपाल बॉर्डर के पास स्थित रूपईडीहा में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आज नेपालगंज रोड-बहराइच रेल खंड से जुड़ी नई रेल सेवाओं के शुभारंभ का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव






















