बोले- अवैध कब्जा किया तो होगी सख्त कार्रवाई
गोरखनाथ मंदिर में करीब 200 फरियादियों की सुनी समस्याएं, इलाज, जमीन विवाद और महिला उत्पीड़न के मामलों में अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश।
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने तीन दिवसीय गोरखपुर प्रवास के दूसरे दिन गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के बाहर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सबसे अहम संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित को न्याय दिलाया जाए।
जनता दर्शन में कई लोगों ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मेडिकल एस्टीमेट तैयार कराकर आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पीजीआई लखनऊ में भर्ती के लिए बेड उपलब्ध कराने की मांग लेकर पहुंची एक युवती के मामले में भी उन्होंने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
एक महिला ने ससुराल पक्ष द्वारा घर में न रहने देने की शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पहले दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया जाए। यदि बात न बने तो महिला को उसका वैधानिक अधिकार और संपत्ति पर कब्जा दिलाया जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यदि किसी निर्दोष व्यक्ति को किसी मामले में गलत तरीके से फंसाया गया है तो निष्पक्ष जांच कर उसे न्याय दिलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से हर शिकायत का संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ निस्तारण करने को कहा।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री का आत्मीय रूप भी देखने को मिला। उन्होंने परिसर में मौजूद बच्चों को स्नेहपूर्वक चॉकलेट वितरित की और बाद में गोरखनाथ मंदिर की गौशाला पहुंचकर गौ-सेवा भी की।







