कटार मिश्र चौराहे पर हुई वारदात के बाद धनघटा पुलिस की कार्रवाई, वांछित अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल।
संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र में मारपीट के बाद हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मुकदमे में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना धनघटा में दर्ज मुकदमा संख्या 514/2026 में वांछित अभियुक्त ब्यास पुत्र हंसराज, निवासी निरंजनपुर, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 15 जुलाई की रात कटार मिश्र चौराहे के पास आरोपी ने राशबिहारी पुत्र स्वर्गीय ब्रह्मदेव के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की थी। हमले में राशबिहारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए धनघटा पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की और उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुरेंद्र यादव, कांस्टेबल आशुतोष पांडेय और आरक्षी विवेक तिवारी शामिल रहे।







