1 जुलाई से शुरू होगा ‘स्कूल चलो अभियान’ का दूसरा चरण
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश का भविष्य तभी उज्ज्वल होगा, जब प्रत्येक बच्चा विद्यालय जाएगा। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने ‘पाती’ के माध्यम से प्रदेशवासियों, शिक्षकों और अभिभावकों को विशेष संदेश दिया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 जुलाई से प्रदेश में ‘स्कूल चलो अभियान’ का दूसरा चरण शुरू होगा, जो 15 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान विशेष नामांकन अभियान चलाकर प्रदेश के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही स्कूल छोड़ चुके (ड्रॉपआउट) बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि “विद्या ही सबसे अनमोल संपत्ति है, जो ज्ञान के माध्यम से जीवन को नई उड़ान देती है।”
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार सरकारी विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शिक्षण वातावरण मिल सके।
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को बाल वाटिका से जोड़ने का भी आह्वान किया।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि उसके आसपास कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे। उन्होंने सभी से इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने का आह्वान किया।








