कार पलटी; एक ही परिवार के छह लोग घायल
उन्नाव। गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के चालक को झपकी आने से एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित कार पुलिया से टकराकर पलट गई, जिससे एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। घायलों में नौ वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे हरदोई के मल्लावां स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ के बुद्धेश्वर निवासी अनिरुद्ध (50) अपनी पत्नी सविता श्रीवास्तव (42), जुड़वा बच्चों अवनीत और अन्वी (5), बहन वंदना (52) तथा भांजी नंदिनी (9) के साथ मेरठ में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर कार से लखनऊ लौट रहे थे।
रविवार तड़के करीब पांच बजे बेहटामुजावर थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर ब्योली इस्लामाबाद गांव के पास कार चला रहे अनिरुद्ध को झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर बीच पुलिया से टकराई और पलट गई।
सूचना मिलते ही यूपीडा और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को कार से सुरक्षित बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने नंदिनी की हालत गंभीर देखते हुए उसे हरदोई के मल्लावां रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि दुर्घटना में घायल बच्ची का मल्लावां में इलाज चल रहा है, जबकि अन्य सभी घायल खतरे से बाहर हैं। दुर्घटनाग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे से हटवा दिया गया है।








