महराजगंज। सोशल मीडिया पर कथित रूप से धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली सामग्री प्रसारित किए जाने के मामले में पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की गई है। इस संबंध में सरवर खान ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम जगदीशपुर निवासी एक युवक ने सोशल मीडिया पर पवित्र कुरआन शरीफ तथा इस्लाम धर्म के अंतिम पैगंबर हजरत मोहम्मद के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक सामग्री साझा की है। उनका कहना है कि इससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
शिकायती पत्र में कहा गया है कि इस प्रकार के मामलों में समय रहते निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। शिकायतकर्ता ने मामले की तत्काल जांच कर, आरोप सत्य पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।







