पहले ही प्रयास में यूपी एसआई परीक्षा में हासिल की 31वीं रैंक
मौरावां की आर्या शुक्ला ने रचा सफलता का नया कीर्तिमान, परिवार और गांव में खुशी का माहौल
मौरावां (उन्नाव)। हिलौली ब्लॉक के झाऊखेड़ा गांव की बेटी आर्या शुक्ला ने पहले ही प्रयास में उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (यूपी एसआई) भर्ती परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए 31वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
ब्लॉक हिलौली की ग्राम पंचायत रजवाड़ा के मजरा झाऊखेड़ा निवासी सुनील कुमार शुक्ला, जो शिक्षामित्र हैं, और गृहिणी हेमा शुक्ला की बेटी आर्या ने वर्ष 2025 की यूपी एसआई भर्ती परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आर्या ने छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएम), कानपुर से वर्ष 2023 में स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने पूरी मेहनत और समर्पण के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की और पहले ही प्रयास में प्रदेश में 31वीं रैंक हासिल कर उपनिरीक्षक बनने का सपना साकार कर लिया।
अपनी सफलता का श्रेय आर्या ने अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि लगातार मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग का परिणाम है। उनका लक्ष्य भविष्य में और ऊंचे मुकाम हासिल कर समाज और देश की सेवा करना है।
आर्या की सफलता से उनके पिता सुनील कुमार शुक्ला और मां हेमा शुक्ला बेहद भावुक और गौरवान्वित हैं। गांव में भी खुशी का माहौल है। क्षेत्र के अशोक मिश्रा, काली शंकर शुक्ला, राजेश तिवारी, योगेंद्र मिश्रा, अनुज शुक्ला, संजय शुक्ला, ललित श्रीवास्तव, धर्मेश तिवारी और आर्यन शुक्ला सहित अनेक लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।







