2027 वर्ल्ड कप को लेकर रिपोर्ट ने बढ़ाई चर्चा
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रह चुके रोहित शर्मा को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला जाने वाला तीसरा वनडे मुकाबला उनके अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर का आखिरी मैच हो सकता है। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, चयन समिति ने इंग्लैंड दौरे के दौरान मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ हुई बैठक में रोहित शर्मा को संकेत दिया कि वह 2027 वनडे विश्व कप की लंबी योजना का हिस्सा नहीं हैं। बताया जा रहा है कि चयनकर्ता अब युवा खिलाड़ियों को अधिक अवसर देकर भविष्य की टीम तैयार करना चाहते हैं।
इंग्लैंड दौरे पर नहीं चला रोहित का बल्ला
रोहित शर्मा का प्रदर्शन इस दौरे पर उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। पहले दो वनडे मुकाबलों में उन्होंने क्रमशः 11 और 26 रन बनाए। लगातार साधारण प्रदर्शन के बाद उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि रोहित शर्मा इस फैसले से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं और उन्होंने इस मुद्दे पर BCCI के कुछ अधिकारियों से भी बातचीत की है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रोहित शर्मा के वनडे भविष्य पर सवाल क्यों उठ रहे हैं?
1. 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक 40 साल के हो जाएंगे
फिलहाल रोहित शर्मा की उम्र 39 वर्ष है। 2027 वनडे विश्व कप तक वह 40 वर्ष की आयु पार कर चुके होंगे। ऐसे में चयनकर्ता लंबी अवधि की योजना के तहत युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जता सकते हैं।
2. नई टीम तैयार करने की तैयारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक चयन समिति 2027 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए नई टीम तैयार करना चाहती है। इसी वजह से यशस्वी जायसवाल जैसे युवा खिलाड़ियों को लगातार अवसर देने की योजना बनाई जा रही है।
3. कप्तानी पहले ही बदल चुकी
वनडे टीम की कप्तानी पहले ही शुभमन गिल को सौंप दी गई थी। इसके बाद से यह संकेत मिलने लगे थे कि भारतीय टीम भविष्य की रणनीति पर काम कर रही है।
4. दो फॉर्मेट से पहले ही ले चुके हैं संन्यास
रोहित शर्मा पहले ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर चुके हैं। ऐसे में अब वनडे क्रिकेट को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं।
रोहित शर्मा का शानदार वनडे करियर
रोहित शर्मा आधुनिक क्रिकेट के सबसे सफल वनडे बल्लेबाज़ों में गिने जाते हैं। उन्होंने भारत के लिए कई यादगार पारियां खेलीं और वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज़ हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने 2024 टी-20 विश्व कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता। इसके अलावा टीम इंडिया 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल तक भी पहुंची थी।
क्या रोहित शर्मा लेंगे संन्यास?
फिलहाल रोहित शर्मा के वनडे संन्यास को लेकर केवल मीडिया रिपोर्ट्स सामने आई हैं। BCCI या स्वयं रोहित शर्मा की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वह चयन के लिए उपलब्ध रहते हैं या वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला करते हैं।
_ आशुतोष मिश्र






