चांदा थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की, आरोपियों की तलाश जारी
सुलतानपुर। चांदा थाना क्षेत्र में पिता पर कथित हमले के बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की बहू की तहरीर पर पुलिस ने बेटे समेत तीन लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर रवाना कर दी गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 17/18 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे डायल-112 के माध्यम से रमापति तिवारी पर हमला किए जाने और उनके घायल होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान रमापति तिवारी की मौत की पुष्टि हुई।
अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार रमापति तिवारी के तीन बेटे हैं। इनमें एक बेटे बलवंत तिवारी से उनका लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना से पहले भी दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था। प्रारंभिक जांच में इसी विवाद के बाद घटना होने की बात सामने आई है।
मृतक की बहू ममता तिवारी, पत्नी हेमंत तिवारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बलवंत तिवारी की पत्नी शशि तिवारी तथा उनके दोनों बेटों शुभम और सुधांशु पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।







