जमीन और फर्म जांच के घेरे में
पत्नी की ‘सौंदर्य कंस्ट्रक्शन’ पर पुलिस का शिकंजा, चढ़ावे का पैसा सफेद करने की आशंका; कई नए सुराग मिलने का दावा
अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में न्यायालय से मिली 39 घंटे की पुलिस रिमांड के दौरान आरोपित टिन्नू यादव और मनीष यादव से लगातार पूछताछ की गई। सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में जांच एजेंसियों को जमीन, निवेश और संपत्तियों से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, टिन्नू यादव के बेटे के नाम खरीदी गई जमीन भी अब जांच के दायरे में आ गई है। पुलिस संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जमीन की खरीद में धन का स्रोत क्या था।
जांच के दौरान टिन्नू यादव की पत्नी के नाम संचालित ‘सौंदर्य कंस्ट्रक्शन’ फर्म भी एजेंसियों के रडार पर है। आशंका जताई जा रही है कि राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े धन को इस फर्म के माध्यम से वैध दिखाने (मनी लॉन्ड्रिंग जैसी गतिविधियों) का प्रयास किया गया हो। इसी कड़ी में फर्म के जीएसटी रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों का दावा है कि पूछताछ में मनीष यादव ने चोरी की घटना और उसमें टिन्नू यादव की भूमिका को स्वीकार किया है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि रिमांड के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर पुलिस अब संपत्तियों, बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसियां मामले के हर पहलू पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल मामले में मिली जानकारियों का सत्यापन किया जा रहा है।







