गुप्त नवरात्रि पर विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, महादेवा कॉरिडोर की सराहना कर प्रदेश और देश की खुशहाली की कामना
बाराबंकी। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर मंगलवार को लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचे। उन्होंने भगवान लोधेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचने पर रामनगर ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी ने डॉ. अरविंद राजभर का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद दोनों ने मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर भगवान लोधेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। मंदिर के पुजारी पंडित मयंक शास्त्री एवं बाबा आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर लोधेश्वर महादेव के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह धाम आध्यात्मिक ऊर्जा और आस्था का प्रमुख केंद्र है।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकसित किए जा रहे महादेवा कॉरिडोर की सराहना करते हुए कहा कि इससे लोधेश्वर महादेव धाम की भव्यता और धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने भगवान लोधेश्वर महादेव से प्रदेश और देश के सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी, प्रधान अंबरीष चतुर्वेदी, प्रधान राजेश अवस्थी, भुल्लन, बीडीसी राजेश त्रिवेदी, अखिलेश पांडे सहित सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी एवं भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






