ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
अम्बेडकरनगर। आबादी के बीच संचालित देसी शराब की दुकान को हटाए जाने की मांग को लेकर मूसईतपुर गांव के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट परिसर के निकट प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर शराब की दुकान को तत्काल किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि देसी शराब की दुकान गांव की घनी आबादी के बीच स्थित है। इसके आसपास विद्यालय और मंदिर भी मौजूद हैं। दुकान के संचालन के कारण महिलाओं, बच्चों तथा आम ग्रामीणों को लगातार असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दुकान के आसपास शराब पीने वालों की आवाजाही बढ़ने से क्षेत्र का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। साथ ही महिलाओं और छात्र-छात्राओं को आने-जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए शराब की दुकान को तत्काल हटाकर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।








