उन्नाव। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के लोकार्पण समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष सांसद साक्षी महाराज और पुरवा विधायक अनिल सिंह ने जिले के प्रमुख मार्गों को फोर-लेन बनाने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में हुई इस चर्चा में गडकरी ने कहा कि सड़क परियोजनाओं के लिए बजट की कोई कमी नहीं है और आवश्यक प्रस्ताव व एनओसी भेजने पर कार्यवाही की जाएगी।
सांसद साक्षी महाराज ने उन्नाव-हरदोई मार्ग को फोर-लेन राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित करने की मांग रखी। वहीं पुरवा विधायक अनिल सिंह ने उन्नाव-पुरवा-मोहनलालगंज मार्ग को फोर-लेन बनाने का प्रस्ताव दिया।
इस पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि “बजट की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री जी के माध्यम से मांगपत्र और एनओसी भेजिए, जो भी सड़कें और हाईवे चाहिए, उनका निर्माण कराया जाएगा।”
विधायक अनिल सिंह ने मुख्यमंत्री से उन्नाव क्षेत्र में डिफेंस कॉरिडोर स्थापित करने की मांग भी की। उनका कहना था कि इससे जिले में औद्योगिक निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
यदि इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है तो उन्नाव, हरदोई, पुरवा और मोहनलालगंज के बीच आवागमन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।








