तीन आरोपी हिरासत में
बलरामपुर। गैंड़ास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के इटई रामपुर बड़का धुसवा गांव में जलौनी की लकड़ी को लेकर हुआ मामूली विवाद एक व्यक्ति की मौत का कारण बन गया। मारपीट में घायल अधेड़ ने रात घर पहुंचकर आराम किया, लेकिन शुक्रवार सुबह उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब आठ बजे गांव निवासी सिद्धू के घर के बाहर रखी जलौनी की लकड़ी लेने विपक्षी पक्ष के लोग पहुंचे। बताया गया कि उनके घर की रसोई गैस समाप्त हो गई थी। बिना अनुमति लकड़ी ले जाने का सिद्धू ने विरोध किया, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और लाठी-डंडों से मारपीट होने लगी, जिसमें सिद्धू गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों के मुताबिक, प्राथमिक उपचार के बाद सिद्धू रात में घर लौट आया और सो गया। शुक्रवार सुबह जब परिजन उन्हें जगाने पहुंचे तो उनके नाक और कान से खून बह रहा था। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पत्नी सुनीता देवी की तहरीर पर गैंड़ास बुजुर्ग थाना पुलिस ने गांव निवासी संजय, अजय तथा सितारा देवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला सितारा देवी इन दिनों अपने मायके इटई रामपुर बड़का धुसवा में रह रही थीं, जबकि उनका ससुराल रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के सरायखास गांव में है।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।
थानाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में नामजद तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।







