किसान के खेत में लगाया महोगनी का पौधा
नाथनगर के नटवा गांव में भूमि एवं जल संरक्षण कार्यों का किया निरीक्षण, कृषि वानिकी को बताया किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को विकासखंड नाथनगर की ग्राम पंचायत नटवा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना के तहत कराए गए भूमि संरक्षण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कठिनईया नदी के किनारे अधिक ढाल वाले खेतों में भूमि एवं जल संरक्षण के लिए बनाई गई संरचनाओं की उपयोगिता का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लाभार्थी किसान हरिहर प्रसाद शुक्ल के खेत में महोगनी का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने किसानों से कृषि वानिकी (एग्रो फॉरेस्ट्री) अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे न केवल किसानों की आय में वृद्धि होती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और भूमि की उर्वरता बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
डीएम ने कहा कि भूमि एवं जल संरक्षण से वर्षा जल का बेहतर उपयोग संभव होता है, जिससे मिट्टी का कटाव रुकता है और खेती की उत्पादकता बढ़ती है। उन्होंने किसानों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भूमि संरक्षण अधिकारी दीपचंद चौरसिया, परियोजना प्रभारी भीमसेन सिंह, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक (ग्रुप-ए) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसान राजेश यादव, गोकरन प्रसाद, बजरंगी प्रसाद और कृष्ण चंद्र के खेतों में निर्मित भूमि संरक्षण संरचनाओं का भी निरीक्षण किया तथा किसानों के साथ जल एवं भूमि संरक्षण के महत्व और इससे होने वाले लाभों पर चर्चा की।







