नोटिस जारी, एक दिन का वेतन कटा
औरैया। नगर पंचायत अटसू में कार्यालय समय के दौरान अध्यक्ष कक्ष में कर्मचारियों के आराम करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए अधिशासी अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनका एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत क्षेत्र के नागरिक विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई पोर्टल पर लगातार शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। इसी बीच वायरल वीडियो में कुछ कर्मचारी कार्यालय समय के दौरान अध्यक्ष कक्ष में कुर्सियों पर आराम करते दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा जनसुनवाई शिकायतों के निस्तारण से जुड़ी एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता नहीं बरती जा रही और केवल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ईओ बोले— नोटिस देकर मांगा जवाब
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी प्रदीप कुमार गौतम ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में है। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही सभी संबंधित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई भी की गई है। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह बाबरपुर कार्यालय में मौजूद थे।
अध्यक्ष प्रतिनिधि ने दी सफाई
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि स्वदेश पोरवाल ने बताया कि उनकी सास की तबीयत खराब होने के कारण वह मुंबई गए हुए थे। वीडियो की जानकारी मिलते ही संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कराया गया और एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई सुनिश्चित की गई। उन्होंने कहा कि कार्यालय में अनुशासन से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जनसुनवाई व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से मामले की पारदर्शी जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।








