देश के शीर्ष 100 शैक्षणिक संस्थानों में स्थान, राष्ट्रीय स्तर पर 79वीं रैंक हासिल
राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय ने शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम करते हुए नेचर इंडेक्स 2026 रिसर्च लीडर्स रैंकिंग में देश के शीर्ष 100 शैक्षणिक संस्थानों में प्रतिष्ठित स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के देश के अग्रणी शोध-प्रधान विश्वविद्यालयों के रूप में तेजी से उभरने का सशक्त प्रमाण है। विश्वविद्यालय का शोध निरंतर नई ऊँचाइयों को छू रहा है और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा है।
इस प्रतिष्ठित रैंकिंग में नेचर इंडेक्स में शामिल भारत के सभी संस्थानों में राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय को 79वाँ स्थान प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय ने वर्ष 2025 में 90वें स्थान से छलांग लगाते हुए 2026 में 79वाँ स्थान हासिल किया है। वहीं, केवल शैक्षणिक संस्थानों (Academic Institutions) की श्रेणी में विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर 67वीं रैंक प्राप्त की है, जो उच्च गुणवत्ता वाले शोध, नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता के प्रति विश्वविद्यालय की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, वैज्ञानिकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों तथा कर्मचारियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में विकसित हो रहे सशक्त शोध वातावरण, अंतर्विषयक (Interdisciplinary) अनुसंधान, वैश्विक स्तर की वैज्ञानिक खोजों तथा सभी हितधारकों के समर्पित प्रयासों का प्रतिफल है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अत्याधुनिक शोध अवसंरचना को और अधिक सुदृढ़ करने, नवाचार को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अग्रणी संस्थानों के साथ सार्थक शोध सहयोग को विस्तार देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
नेचर इंडेक्स विश्व स्तर पर शोध उत्कृष्टता का एक प्रतिष्ठित एवं विश्वसनीय मानक माना जाता है। यह विश्व की 178 प्रतिष्ठित वैज्ञानिक शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित उच्च गुणवत्ता वाले शोध प्रकाशनों के आधार पर संस्थानों का मूल्यांकन करता है। इसकी रैंकिंग शोध की गुणवत्ता, प्रभाव, वैश्विक योगदान तथा अनुसंधान की उत्कृष्टता पर आधारित होती है। ऐसे प्रतिष्ठित वैश्विक सूचकांक में यह स्थान प्राप्त करना विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
मूल्यांकन अवधि के दौरान विश्वविद्यालय का शोध प्रदर्शन अत्यंत प्रभावशाली रहा। इस अवधि में विश्वविद्यालय के 7 शोध प्रकाशन नेचर इंडेक्स में शामिल हुए, जबकि विश्वविद्यालय ने 4.53 का ओवरऑल शेयर (Overall Share) अर्जित किया। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय ने विश्वभर के 37 संस्थानों के साथ शोध सहयोग स्थापित किया तथा उसके शोध प्रकाशनों में 6 देशों/क्षेत्रों के वैज्ञानिकों एवं शोधकर्ताओं की सहभागिता रही, जो विश्वविद्यालय की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान और वैश्विक शोध सहयोग को दर्शाता है।
विषयवार रैंकिंग में भी विश्वविद्यालय ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। सामाजिक विज्ञान (Social Sciences) में 26वीं, जैविक विज्ञान (Biological Sciences) में 38वीं, रसायन विज्ञान (Chemistry) में 57वीं, प्राकृतिक विज्ञान (Natural Sciences) में 73वीं तथा अनुप्रयुक्त विज्ञान (Applied Sciences) में 74वीं रैंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय ने बहुविषयक शोध में अपनी उत्कृष्टता सिद्ध की है।
यह उपलब्धि राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय की उस सतत यात्रा का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसके माध्यम से विश्वविद्यालय शिक्षण, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर उत्कृष्टता का केंद्र बनने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। यह सफलता विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों एवं विद्यार्थियों के समर्पण, परिश्रम और उत्कृष्ट शोध संस्कृति का प्रत्यक्ष प्रमाण है, जो समकालीन वैज्ञानिक एवं सामाजिक चुनौतियों के समाधान हेतु सार्थक योगदान दे रहे हैं।
यह उपलब्धि राष्ट्र निर्माण तथा वैश्विक वैज्ञानिक प्रगति में विश्वविद्यालय के बढ़ते और सार्थक योगदान का सशक्त प्रमाण है।








