हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए चार युवक, एक की मौत, तीन घायल
एटा/अलीगंज। मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। जुलूस के बीच अचानक करंट दौड़ने से चार युवक उसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद जुलूस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सैफ पुत्र शाकिर खान (19 वर्ष), निवासी मोहल्ला मेवाती, को मृत घोषित कर दिया। वहीं साहिल अली पुत्र सज्जाद खान (18 वर्ष), निवासी मोहल्ला मेवाती, अली हसन पुत्र मोहम्मद शफीक (18 वर्ष), निवासी मोहल्ला मेवाती तथा अमीर पुत्र अनवर (23 वर्ष), निवासी मोहल्ला रामप्रसाद गौड़ लाइन, मेवाती मोहल्ला, का उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौड़, एसडीएम जगमोहन गुप्ता, क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह, क्षेत्राधिकारी नीतिश गर्ग तथा भारी पुलिस बल पहुंच गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घायलों का हाल जाना और स्थिति को नियंत्रित कराया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ताजिया जुलूस के दौरान हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।








