दहेज हत्या के आरोपी पति को भेजा जेल
उन्नाव/हसनगंज। हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के रामपुर धौरा गांव में फंदे से लटकी मिली विवाहिता की दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले के अन्य पांच आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर धौरा गांव में 22 जून की रात निशा (20) पत्नी सोनू उर्फ सोनेलाल का शव घर के अंदर रस्सी के फंदे से लटका मिला था। मृतका के पिता अंबर, निवासी बिरसिंही मलेथा गांव थाना माखी, ने आरोप लगाया था कि 30 मई 2025 को बेटी का विवाह हुआ था। शादी के बाद ससुराल पक्ष के लोग सोने की चेन और दो लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।
पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति सोनू उर्फ सोनेलाल, ससुर देवीप्रसाद, ननद माधुरी तथा परिवार के तीन अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
आरोप है कि बुधवार तक पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। इससे नाराज मृतका के पिता अंबर और अन्य परिजन बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक जे.पी. सिंह को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी ने तत्काल हसनगंज कोतवाली पुलिस से मामले की जानकारी ली, जिसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी शरद कुमार ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








