मकान का गेट उखड़कर दूर जा गिरा; दीवारों में आईं दरारें
एटा जिले के अलीगंज कोतवाली क्षेत्र के अमरोली रतनपुर गांव में गुरुवार तड़के हुए एक रहस्यमयी विस्फोट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। धमाका इतना तेज था कि एक मकान का मुख्य गेट अपनी जगह से उखड़कर दूर जा गिरा, जबकि दीवारों में कई जगह दरारें पड़ गईं। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और फील्ड यूनिट मौके से साक्ष्य जुटाकर विस्फोट के कारणों की जांच कर रही है।
रात 3:40 बजे गूंजा तेज धमाका
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सतीश चंद्र गुप्ता के मकान में तड़के करीब 3:40 बजे अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग नींद से जाग गए और घरों से बाहर निकल आए। पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
गेट उखड़ा, दीवारों में आईं दरारें
पीड़ित परिवार की रीता गुप्ता ने बताया कि रात करीब 12 बजे दुकान बंद कर परिवार के सभी सदस्य घर पहुंचे थे। भोजन करने के बाद सभी लोग मकान की ऊपरी मंजिल पर सो गए। उस समय बिजली भी नहीं थी।
तड़के अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। नीचे आकर देखा तो मकान का मुख्य गेट उखड़कर दूर जा गिरा था और दीवारों में कई जगह दरारें पड़ चुकी थीं। परिवार के सदस्य कुछ देर तक समझ ही नहीं पाए कि आखिर धमाका किस वजह से हुआ।
गांव में मची हलचल
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पूरे गांव में विस्फोट को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
पुलिस और फील्ड यूनिट जांच में जुटी
डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद अलीगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
इसके बाद घटनास्थल पर फील्ड यूनिट को बुलाकर वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस का कहना है कि विस्फोट का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है और सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस का बयान
प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने बताया कि घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। फील्ड यूनिट की मदद से जांच जारी है और वैज्ञानिक परीक्षण के आधार पर ही विस्फोट के वास्तविक कारण का पता लगाया जाएगा।







