संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला सैनिक कल्याण भवन में सैनिक बंधु बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के करीब 40 पूर्व सैनिकों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए डीएम आलोक कुमार ने कहा कि देश की सेवा करने वाले सैनिकों और पूर्व सैनिकों का सम्मान करना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
भूमि विवादों के निस्तारण के निर्देश
पूर्व सैनिक ऋषिकेश की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीएम खलीलाबाद को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर नियमानुसार कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। वहीं पूर्व सैनिक मुक्तनाथ और रमाकांत के मामलों में नायब तहसीलदार को स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
शहीद सत्यवान सिंह के नाम पर सभागार का उद्घाटन
बैठक के बाद जिलाधिकारी ने वीर चक्र विजेता शहीद सत्यवान सिंह के नाम पर जिला सैनिक कल्याण भवन में निर्मित सभागार का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने शहीद के सम्मान में बनाए गए सभागार की सराहना की।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में किया पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाभियान के तहत जिलाधिकारी ने सैनिक कल्याण भवन परिसर में पाकड़ का पौधा लगाया। इस अवसर पर 90 वर्षीय पूर्व सैनिक सूबेदार यदुनंदन मिश्रा ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
बैठक का संचालन जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल राम प्रकाश मिश्र ने किया। उन्होंने जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए सैनिक कल्याण भवन के विकास और पूर्व सैनिकों के हित में किए गए कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर एसडीएम खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वी.के. सोनी, नायब तहसीलदार प्रेम नारायण, एसडीओ विद्युत, ओएसडी राकेश कुमार, बंदोबस्त अधिकारी (चकबंदी) विनय कुमार सिंह, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







