बाराबंकी: खाद की बोरी धोते समय हुआ हादसा
अमृत उजाला न्यूज़ | दरियाबाद (बाराबंकी)
बाराबंकी जिले के टिकैतनगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में किसान की शारदा सहायक नहर में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खेत में खाद डालने के बाद वह खाद की खाली बोरी धोने के लिए नहर किनारे गए थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नहर में गिर गए और तेज बहाव की चपेट में आ गए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम उफरौली निवासी जगदंबा प्रसाद (पुत्र धनपाल) रविवार को अपने खेतों में रासायनिक खाद का छिड़काव करने के बाद खेत के पास से गुजर रही शारदा सहायक नहर पर खाद की बोरियां धोने पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नहर की पटरी पर मिट्टी का कटाव होने के कारण उनका पैर अचानक फिसल गया और वह नहर में गिर पड़े। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह डूबने लगे।
घटना को पास में बकरियां चरा रहे बच्चों ने देखा और शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नहर में उतरकर खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद घटनास्थल से करीब पांच मीटर दूर जगदंबा प्रसाद बेहोशी की हालत में मिले।
ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर पुलिस की सहायता से एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) टिकैतनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।







