औरैया। सहार थाना क्षेत्र के गांव बराऊ में सोमवार को एक अन्ना सांड ने किसान पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी होने पर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घायल किसान को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार में भर्ती कराया। जहां से डाॅक्टर ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज चिचैली रेफर कर दिया।
पुर्वा कड़ा निवासी कमलेश कुमार (41) पुत्र मनीराम किसी काम से गांव बराऊ की ओर गए थे। इसी दौरान एक अन्ना सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। सांड ने उन्हें जोरदार टक्कर मारकर कई फीट दूर फेंक दिया। जिससे उनके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण दौड़कर पहुंचे और किसी तरह सांड को वहां से हटाया। इसके बाद घायल किसान को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार पहुंचाया।
जहां सीएचसी सहार में डॉ. नवीन सिंह ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान चोटें गंभीर होने पर डाॅक्टर ने उन्हें मेडिकल कॉलेज चिचैली रेफर कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि यह अन्ना सांड पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। इसके कारण गांव के लोग हमेशा भय के साये में रहते हैं। खेतों में काम करने वाले किसानों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक सांड को पकड़ने या सुरक्षित स्थान पर भेजने की कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई।





















