लेखपाल पर मनमाने ढंग से कार्य करने का आरोप
राणा प्रताप राय
धनघटा, संत कबीर नगर। जनपद संत कबीर नगर के धनघटा तहसील क्षेत्र अंतर्गत राजस्व ग्राम रजनौली में खतौनी के अंश निर्धारण को लेकर किसानों ने हल्का लेखपाल पर मनमानी का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि लेखपाल बिना गांव पहुंचे और काश्तकारों से आवश्यक जानकारी लिए ही अंश निर्धारण का कार्य कर रहे हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वर्तमान में तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों में खतौनी अंश निर्धारण का कार्य चल रहा है। नियमानुसार यह कार्य गांव में पहुंचकर संबंधित काश्तकारों की मौजूदगी में किया जाना चाहिए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। आरोप है कि हल्का लेखपाल विजय कुमार वर्मा बिना गांव आए ही अंश निर्धारण कर रहे हैं, जिसके कारण किसानों को अपनी आपत्तियां दर्ज कराने के लिए बार-बार तहसील के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
गांव के निवासी भानु प्रताप राय, जयप्रकाश राय, शंभू प्रसाद राय, शंकर राय सहित अन्य किसानों ने बताया कि इस प्रकार किया जा रहा अंश निर्धारण भविष्य में आपसी विवाद और मुकदमेबाजी का कारण बन सकता है। किसानों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सही तरीके से अंश निर्धारण कराने की मांग की है।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी रविकांत चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।








