बिना टिकट यात्रा कर रही महिला पर आरोप
टिकट जांच के दौरान हुआ विवाद, यात्रियों ने कराया बीच-बचाव; झांसी स्टेशन पर जीआरपी के हवाले की गई आरोपी
झांसी। मंगला एक्सप्रेस में टिकट जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा कर रही एक महिला यात्री द्वारा महिला टिकट परीक्षक (टीटीई) के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, मंगला एक्सप्रेस के एस-2 कोच में ड्यूटी पर तैनात महिला टीटीई अंजली प्रजापति टिकटों की जांच कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने एक महिला यात्री से टिकट दिखाने को कहा। आरोप है कि महिला के पास वैध टिकट नहीं था। टीटीई ने रेलवे नियमों के तहत नया टिकट बनवाने और निर्धारित शुल्क जमा करने की बात कही।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि महिला यात्री ने टीटीई के बाल पकड़कर उनके साथ हाथापाई की। घटना से कोच में अफरा-तफरी मच गई। अन्य यात्रियों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग कराया और स्थिति को शांत कराया।
घटना की सूचना झांसी रेलवे स्टेशन पर पहले ही दे दी गई थी। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में रेलवे पुलिस नियमानुसार जांच कर रही है।







