मछली पालक ने पुलिस से लगाई गुहार
डलमऊ क्षेत्र के सेमौरी गांव की घटना, सात तालाबों में व्यावसायिक मत्स्य पालन करने वाले किसान ने रंजिश में वारदात का लगाया आरोप
रायबरेली। जिले के डलमऊ थाना क्षेत्र के सेमौरी गांव में स्थित मत्स्य तालाबों में कथित रूप से जहरीला पदार्थ डालने का मामला सामने आया है। घटना में बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हो गई, जिससे मछली पालक को लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया जा रहा है। सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और तालाब के आसपास ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह जब तालाब संचालक रामदास और मजदूर तालाब पर पहुंचे तो पानी की सतह पर बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां तैरती हुई मिलीं। इसके बाद घटना की जानकारी पूरे क्षेत्र में फैल गई। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया, जिससे मछलियों की मौत हुई।
मछली पालक रामदास ने डलमऊ थाने में प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि किसी ने आपसी रंजिश के चलते तालाब में जहर डालकर उनकी तैयार मछलियों को नष्ट कर दिया। उन्होंने बताया कि मत्स्य विभाग की योजना के तहत वह सात तालाबों में व्यावसायिक स्तर पर मत्स्य पालन करते हैं और मछलियां बिक्री के लिए तैयार थीं।
रामदास के अनुसार इस घटना से उन्हें कई लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है और परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि तालाब का पानी दूषित हो गया है, इसलिए लोगों और पशुओं को उससे दूर रहने की जरूरत है।
इस मामले में डलमऊ कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।







