रायबरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 24 जुलाई को प्रस्तावित रायबरेली दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ लगातार समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, विकास परियोजनाओं, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा सभी संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। पूरे प्रशासनिक अमले को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।







