पुलिसकर्मियों पर पिकअप चढ़ाने का किया प्रयास, पीछा करने पर डिवाइडर से टकराकर रुका वाहन; चापड़ और मोबाइल भी बरामद
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के भगवानपुर रेलवे फाटक के पास बुधवार को पुलिस ने चेकिंग के दौरान गोवंश तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप से पांच गोवंश बरामद किए हैं। वाहन से एक चापड़ और की-पैड मोबाइल भी मिला है।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भगवानपुर रेलवे फाटक के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन मोड़कर भागने लगा। आरोप है कि पैंथर मोबाइल टीम के जवानों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक ने पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई और वाहन का पीछा शुरू कर दिया।
भागने के दौरान पिकअप हाईवे और सर्विस लेन के बीच बने नाले के डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर से वाहन का अगला दाहिना टायर फट गया और पिकअप अनियंत्रित होकर रुक गया। इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें पांच गोवंश मिले।
पुलिस ने मौके से रतन कुमार (23) निवासी पट्टी नरेंद्रपुर, थाना सरपतहां, जिला जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया। पिकअप से एक चापड़ और की-पैड मोबाइल भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सैयदराजा थाने में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जौनपुर जिले के शाहगंज थाने में भी आर्म्स एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





















