चहनिया के आर्य स्वीट हाउस से बर्फी और चाट के नमूने लिए, निर्माण इकाई में गंदगी मिलने पर हुई कार्रवाई
चंदौली। दीपावली के मद्देनजर मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिले में छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को खाद्य विभाग की टीम ने चहनिया और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान चहनिया स्थित आर्य स्वीट हाउस से बर्फी और चाट के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, पीडीडीयू नगर के कैलाशपुरी स्थित विनायक स्वीट हाउस की निर्माण इकाई में अत्यधिक गंदगी मिलने पर प्रतिष्ठान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने चहनिया कस्बे के आर्य स्वीट हाउस पर छापेमारी की। यहां से बर्फी और चाट के नमूने संकलित कर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए। टीम ने मिठाई बनाने के स्थान का भी निरीक्षण किया और संचालक को साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
उधर, पीडीडीयू नगर में राज्य सचल दल की अंतर्जनपदीय टीम ने जांच अभियान चलाया। कैलाशपुरी स्थित विनायक स्वीट हाउस की निर्माण इकाई में निरीक्षण के दौरान अत्यधिक गंदगी पाई गई। इस पर लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई। सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह ने प्रतिष्ठान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके अलावा अन्य दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। जहां कमियां मिलीं, वहां संचालकों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए।
सहायक आयुक्त धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट करने और स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संकलित नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव और अरविंद कुमार शामिल रहे।





















