विधायक सुशील सिंह बोले- दर्जनों गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
चंदौली। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के भैंसउर गांव में रेलवे अंडरपास निर्माण कार्य का मंगलवार को विधायक सुशील सिंह ने शिलान्यास किया। लगभग 6.34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह अंडरपास क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए आवागमन को आसान बनाएगा।
अंडरपास के निर्माण के बाद ग्रामीणों को रेलवे लाइन पार करने में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। अब लोगों को एक गांव से दूसरे गांव जाने के लिए करीब 25 किलोमीटर का लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इससे समय और ईंधन की बचत होगी तथा आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुशील सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति दिलाई गई है। उन्होंने कहा कि अंडरपास बनने से किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, रेलवे एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने पर विधायक सुशील सिंह और संबंधित विभाग का आभार व्यक्त किया।







