जलेसर (एटा)। जलेसर-सिकंदराराऊ मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवा शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूल से घर लौट रहे शिक्षक को कुचल दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, जलेसर-सिकंदराराऊ मार्ग स्थित गांव नगला गोदी के पास मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे यह हादसा हुआ। स्कूल की छुट्टी के बाद बाइक से लौट रहे शिक्षक को तेज रफ्तार टैंकर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दीक्षित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक शिक्षक की पहचान अंकम सिंह (35) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कानपुर देहात के गांव बमनौती के निवासी थे। वर्तमान में वह जलेसर में रहकर प्रतिदिन हाथरस जनपद के प्राथमिक विद्यालय कमसारा में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे और वहीं से स्कूल आते-जाते थे।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही टैंकर और उसके चालक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।








