महराजगंज। जनहित और प्रशासनिक कार्यों के प्रभावी संचालन के उद्देश्य से महराजगंज जिला प्रशासन ने चार डिप्टी कलेक्टरों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल द्वारा जारी आदेश के तहत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार, प्रेमशंकर पाण्डेय को अपर उप जिलाधिकारी सदर के पद से स्थानांतरित कर उप जिलाधिकारी फरेंदा नियुक्त किया गया है। वहीं, जितेंद्र कुमार, जो अब तक उप जिलाधिकारी सदर के पद पर कार्यरत थे, उन्हें अपर उप जिलाधिकारी सदर का दायित्व सौंपा गया है।
हाल ही में जनपद में तैनात हुए अवनीश त्रिपाठी को उप जिलाधिकारी सदर बनाया गया है। इसके अलावा नवागत एसडीएम कुणाल को उप जिलाधिकारी नौतनवा की जिम्मेदारी दी गई है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल अपने-अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने और इसकी सूचना जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन का मानना है कि इस फेरबदल से जिले में प्रशासनिक कार्यों की गति बढ़ेगी और जनहित से जुड़े मामलों का अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण हो सकेगा।







