बाराबंकी। कोतवाली रामसनेहीघाट क्षेत्र के जोकिहिला मजरे मेडुवा गांव में खेत की मेड़ पर खड़े पेड़ की डाल काटने को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित राकेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पेड़ की टहनियां काटने के विवाद को लेकर शुभम, ओमप्रकाश, संदीप और देशराज ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें राकेश, उनके भाई उदयराज और पत्नी अंजु घायल हो गए।
प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।







