चन्दौली। मुगलसराय थाना पुलिस ने पावरलूम मशीन के लिए बैंक ऋण दिलाने के नाम पर 9.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी और गबन के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तत्कालीन बैंक प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर, बिचौलिए मनोज शर्मा, सोनी ट्रेडर्स समेत अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
दुलहीपुर निवासी रुकसाना बीबी की तहरीर के अनुसार वर्ष 2022 में नई पावरलूम मशीन दिलाने के नाम पर उनके नाम 9.50 लाख रुपये का बैंक ऋण स्वीकृत कराया गया। आरोप है कि उन्हें केवल 2.90 लाख रुपये दिए गए, जबकि शेष राशि का गबन कर लिया गया। नई मशीन भी उपलब्ध नहीं कराई गई और उनसे हर महीने 15 हजार रुपये की ऋण किस्त वसूली जाती रही। पुलिस ने मामले में मुगलसराय थाने पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी प्रकरण को लेकर चांदनी मार्केट क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। समझाने के बावजूद मनोज कुमार शर्मा और गोविंद कुमार द्वारा शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किए जाने पर दोनों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







