झांसी। उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने झांसी के गरौठा और गुरसराय नगर के लिए 83.24 करोड़ रुपये की लागत से तैयार गरौठा एवं गुरसराय पेयजल पुनर्गठन योजना का लोकार्पण किया। इस परियोजना के शुरू होने से हजारों परिवारों को स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध होगा।
गरौठा में आयोजित समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ योजना का शुभारंभ किया गया। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने पूजन-अर्चन कर परियोजना का लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक जवाहर लाल राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना से गरौठा और गुरसराय क्षेत्र के हजारों परिवारों को वर्षों पुरानी पेयजल समस्या से राहत मिलेगी और लोगों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
करीब 83.24 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस योजना का उद्देश्य दोनों नगरों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। योजना के क्रियान्वयन से जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकेंगी।







