कई अधिकारी नदारद; फरियादियों को करना पड़ा इंतजार
एसपी सिंह, ब्यूरो चीफ
सिंहपुर (अमेठी)। प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति और जनसुनवाई को लेकर लगातार सख्ती बरती जा रही है, लेकिन गुरुवार को सिंहपुर विकासखंड कार्यालय में अलग ही तस्वीर देखने को मिली। निरीक्षण के दौरान कई अधिकारियों और कर्मचारियों की कुर्सियां तो अपने स्थान पर थीं, लेकिन संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित मिले।
निरीक्षण के समय खंड विकास अधिकारी कमलेश यादव, वरिष्ठ सहायक मुन्नीलाल, अमरजीत पाल तथा राममूर्ति कुशवाहा कार्यालय में कार्यरत पाए गए। वहीं एडीओ पंचायत कार्यालय में राम सजीवन और त्रिभुवन उपस्थित मिले। हालांकि, एडीओ पंचायत सहित कई अन्य कर्मचारियों की अनुपस्थिति दर्ज की गई।
कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों और फरियादियों ने अधिकारियों के समय पर उपलब्ध न होने को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी घंटों इंतजार करना पड़ता है। कुछ लोगों ने टिप्पणी करते हुए कहा कि ब्लॉक कार्यालय आने से पहले यह पता करना पड़ता है कि संबंधित अधिकारी कार्यालय में मौजूद हैं या नहीं।
प्रदेश सरकार समय से कार्यालय पहुंचने और जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर देती रही है। ऐसे में विकासखंड कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में अधिकारियों की अनुपस्थिति आमजन की समस्याओं के समाधान पर सवाल खड़े करती है।
हालांकि, अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों की गैरहाजिरी के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।








