पीड़ित ने सीओ से लगाई गुहार
रवि गैस एजेंसी के मैनेजर ने सौंपा शिकायती पत्र, पुलिस बोली- दर्ज धाराओं में गिरफ्तारी का प्रावधान नहीं
जलेसर (एटा)। नगर के सिकंदराराऊ रोड स्थित रवि गैस एजेंसी के गोदाम में कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट के मामले में घटना के चार दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित पक्ष में नाराजगी है। शनिवार को गैस एजेंसी के मैनेजर ब्रह्मजीत ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह को शिकायती पत्र देकर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को रवि गैस एजेंसी के गोदाम में वृक्षारोपण कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान कर्मचारी पौधरोपण में व्यस्त थे। आरोप है कि इसी बीच सुखदेव पुत्र जमुना प्रसाद निवासी नगला पीपल और राजू पुत्र गीतम सिंह निवासी मुसियार गैस सिलेंडर लेने पहुंचे। कर्मचारियों ने कार्यक्रम के चलते उन्हें कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा, जिस पर कहासुनी हो गई।
आरोप है कि दोनों ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया और गैस गोदाम में मौजूद कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस घटना में गैस एजेंसी के मैनेजर ब्रह्मजीत पुत्र रेशम पाल सिंह, निवासी भिन्तर थाना हसायन (हाथरस), के सिर में गंभीर चोट आई। अन्य कर्मचारियों को भी चोटें आईं। बताया गया कि पीड़ित मैनेजर भारतीय किसान यूनियन के एक राष्ट्रीय पदाधिकारी के रिश्तेदार हैं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। इसे लेकर उन्होंने सीओ से हस्तक्षेप कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, मामले के विवेचक उपनिरीक्षक रवि राज सिंह का कहना है कि एफआईआर में फिलहाल ऐसी धाराएं दर्ज नहीं हैं, जिनमें आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की आवश्यकता हो। उन्होंने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







