गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र की नौषड़ पुलिस चौकी की तत्परता से घर से नाराज होकर निकली 8 वर्षीय बच्ची को महज दो घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि बहरामपुर दक्षिणी निवासी त्रिभुवन निषाद की 8 वर्षीय पुत्री महिमा सुबह करीब 7 बजे घर से नाराज होकर कहीं चली गई है।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी नौषड़ और उनकी टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बच्ची की तलाश शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सहायता से बच्ची का पता लगाया।
तलाश के दौरान बच्ची को एकला बाजार चौराहे से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने करीब दो घंटे के भीतर बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और गोरखपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।








