युवक की मौत, एक गंभीर घायल
गोरखपुर। शहर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रामगढ़ताल नौका विहार में रविवार रात बड़ा हादसा हो गया। रात करीब 9:30 बजे दो स्पीड बोटों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद नौका विहार परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान कुशीनगर जिले के पीपरा गांव निवासी 21 वर्षीय लखमुद्दीन के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में कप्तानगंज के अजीज नगर निवासी कयामुद्दीन अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों दोस्त कुशीनगर से गोरखपुर घूमने आए थे और रामगढ़ताल में स्पीड बोट की सवारी कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों स्पीड बोटों की आमने-सामने टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लखमुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। कयामुद्दीन का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही यह भी जांच कर रही है कि स्पीड बोट संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।







