छर्रे लगने से तीन घायल
सफीपुर (उन्नाव)। आसीवन थाना क्षेत्र के जमलापुर गांव में बुधवार को आयोजित तिलक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की तैयारी एक बड़े हादसे में बदल गई। बंदूक में कारतूस लोड करते समय अचानक गोली चल जाने से वधू पक्ष के तीन लोग छर्रे लगने से घायल हो गए। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, जमलापुर गांव निवासी आशाराम के पुत्र अखिलेश यादव उर्फ बानू का तिलक समारोह था। माखी थाना क्षेत्र के बाबाखेड़ा गांव से कन्या पक्ष के लोग तिलक चढ़ाने पहुंचे थे। समारोह के दौरान एक युवक कथित रूप से हर्ष फायरिंग के लिए बंदूक में कारतूस भर रहा था। इसी दौरान अचानक फायर हो गया।
गोली के छर्रे लगने से माखी थाना क्षेत्र के बाबाखेड़ा निवासी करन यादव (60), गजाखेड़ा निवासी रामखेलावन (70) तथा हरीगढ़ी निवासी किशपाल (55) घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
घायलों को तत्काल मियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। जांच में यदि हर्ष फायरिंग के उद्देश्य से बंदूक में कारतूस लोड करने की पुष्टि होती है तो संबंधित लाइसेंसधारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
पुलिस ने लोगों से समारोहों में हर्ष फायरिंग जैसी खतरनाक परंपराओं से बचने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।








