चालक स्टेयरिंग में फंसा; गंभीर हालत में अस्पताल रेफर
अलीगंज के झकरई भट्टे के पास हादसा, आधे घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और एंबुलेंस कर्मियों ने निकाला बाहर
अलीगंज (एटा)। थाना क्षेत्र के झकरई भट्टे के पास ट्रैक्टर और छोटा हाथी (लोडर वाहन) के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में छोटा हाथी का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक वाहन की स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया और करीब आधे घंटे तक बाहर नहीं निकल सका।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल अलीगंज थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और 108 एंबुलेंस के ईएमटी फैजल तथा चालक अर्जुन मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को स्टेयरिंग से सुरक्षित बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने आवश्यक इलाज शुरू किया।
घायल चालक की पहचान लक्ष्मण निवासी नगला कुमारी, थाना नवाबगंज, जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई है। लक्ष्मण ने बताया कि वह अपनी बहन के घर नगला अचल से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान झकरई भट्टे के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उसके छोटा हाथी की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल घायल चालक का उपचार जारी है।







