चालक की मौत, एक गंभीर घायल
पीडीडीयू नगर (चंदौली)। बलुआ थाना क्षेत्र के सुरतापुर गांव के समीप शनिवार देर रात करीब 11 बजे स्कॉर्पियो और ऑटो रिक्शा की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को ऑटो से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने ऑटो चालक विनोद गोंड़ (38), निवासी नादी को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजेश कन्नौजिया (50) का इलाज जारी है।
बताया गया कि विनोद गोंड़ शनिवार रात धानापुर की ओर से ऑटो लेकर अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ गांव के ही राजेश कन्नौजिया भी सवार थे। सुरतापुर गांव के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो से ऑटो की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और दोनों उसमें फंस गए। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला।
बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो और उसके चालक की तलाश की जा रही है।








