36 घायल, जवाब में 80 से ज्यादा ठिकानों पर एयरस्ट्राइक
रियाद। सऊदी अरब के दो प्रमुख एयरपोर्ट को हूती विद्रोहियों ने ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया। 6 और 7 अक्तूबर को हुए इन हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 लोग घायल हुए हैं। सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (GACA) ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।
हमले आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर किए गए। हूती विद्रोहियों ने दोनों हमलों की जिम्मेदारी ली है। इसके बाद यमन में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूतियों के 80 से अधिक सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
आभा एयरपोर्ट पर दो विदेशी नागरिकों की मौत
आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में मोरक्को और अल्जीरिया की दो महिला नागरिकों की मौत हुई। इस हमले में 28 लोग घायल हुए हैं। घायलों में सऊदी अरब के अलावा बांग्लादेश और फिलीपींस के नागरिक भी शामिल हैं।
वहीं, रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में सूडान के एक नागरिक की मौत हुई। यहां आठ लोग घायल हुए। इनमें पांच सऊदी नागरिक, दो मिस्र के नागरिक और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल हैं।
GACA के अनुसार, सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने एयरपोर्ट सुविधाओं की सुरक्षा की जांच शुरू कर दी है और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
हूतियों ने अरामको रिफाइनरी को निशाना बनाने का भी दावा किया
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने इससे पहले सऊदी अरब के कई इलाकों में मिसाइल और ड्रोन हमले किए जाने का दावा किया था। इनमें रबीघ स्थित सऊदी अरामको की तेल रिफाइनरी पर हमले का दावा भी शामिल है।
याह्या सरी ने टेलीग्राम पर जारी बयान में कहा कि हूतियों ने बड़ी संख्या में बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों तथा ड्रोन का इस्तेमाल करते हुए तीन बड़े सैन्य अभियान चलाए।
हूतियों के मुताबिक, पहले हमले में रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया। संगठन ने दावा किया कि हमले से हवाई यातायात प्रभावित हुआ।
दूसरे हमले में रबीघ स्थित अरामको की तेल रिफाइनरी को निशाना बनाने का दावा किया गया। हूती प्रवक्ता के अनुसार, हमले के बाद वहां आग लग गई।
तीसरे हमले में आभा एयरपोर्ट, खमिस मुशैत एयरबेस और असीर क्षेत्र के अकिफा कैंप को निशाना बनाने का दावा किया गया। इसके अलावा नजरा और जिजान में अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमले किए जाने की बात भी कही गई।
हूतियों ने सऊदी हमलों को बताया जवाबी कार्रवाई
याह्या सरी ने दावा किया कि ये हमले यमन पर सऊदी अरब की सैन्य कार्रवाई के जवाब में किए गए। उनके अनुसार, इससे पहले के 24 घंटों में सऊदी अरब ने यमन में 60 हवाई और मिसाइल हमले किए थे।
दूसरी ओर, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूतियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई में यमन के 80 से अधिक सैन्य ठिकानों को निशाना बनाए जाने की बात कही है।
लगातार मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। एयरपोर्ट पर हुए हमलों ने नागरिकों की सुरक्षा और हवाई यातायात को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।





















