युवक पर मुकदमा दर्ज
बाराबंकी। कोतवाली क्षेत्र में एक युवती के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर उसकी फोटो और वीडियो प्रसारित करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता अंजलि सिंह, निवासी पूरे जुड्डावन मजरा थोरथिया, ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उत्कर्ष नामक युवक ने उनके नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाई। आरोप है कि उक्त आईडी के माध्यम से उनकी फोटो और वीडियो का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिससे उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा है और उन्हें मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है।
प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।








