114 पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा देश; आज होगा समापन समारोह
आइची-नागोया: एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया है। जापान के आइची-नागोया में आयोजित इन खेलों में भारत ने 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य सहित कुल 114 पदक जीते। इसके साथ ही भारत ने पदकों के मामले में अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले 2023 में चीन के हांग्झू में हुए एशियन पैरा गेम्स में भारत ने 108 पदक जीते थे।
भारत ने इस बार 168 खिलाड़ियों का दल भेजा था। छोटे दल के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में दमदार प्रदर्शन किया और पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। खेलों का समापन समारोह शनिवार, 24 अक्टूबर को जापान के आइची-नागोया में आयोजित किया जाएगा।
पदक तालिका में चौथे स्थान पर भारत
एशियन पैरा गेम्स 2026 की पदक तालिका में चीन 427 पदकों के साथ पहले स्थान पर रहा। जापान 185 पदकों के साथ दूसरे और उज्बेकिस्तान 145 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। भारत ने 114 पदकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया, जबकि दक्षिण कोरिया 97 पदकों के साथ पांचवें स्थान पर रहा।
भारत के खाते में 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक आए। इस प्रदर्शन के साथ भारतीय खिलाड़ियों ने 2023 के अपने 108 पदकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
पैरा एथलेटिक्स में मिले सबसे ज्यादा 65 पदक
भारत के लिए पैरा एथलेटिक्स सबसे सफल खेल रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने इस स्पर्धा में 22 स्वर्ण, 19 रजत और 24 कांस्य सहित कुल 65 पदक जीते। यह 2023 के मुकाबले 12 पदक अधिक हैं।
पैरा बैडमिंटन में भारतीय खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, पांच रजत और आठ कांस्य सहित 16 पदक हासिल किए। पैरा तैराकी में 11 पदक मिले, जबकि पैरा टेबल टेनिस में भारतीय खिलाड़ियों ने सात कांस्य पदक जीते। पैरा तीरंदाजी में तीन स्वर्ण और तीन रजत सहित छह पदक मिले। निशानेबाजी में भारत ने पांच पदक हासिल किए। इसके अलावा जूडो और पावरलिफ्टिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
तीरंदाजी और निशानेबाजी में भी चमके भारतीय खिलाड़ी
भारतीय तीरंदाज हरविंदर सिंह और विजय सुंडी ने पुरुष रिकर्व युगल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में चीन को 5-1 से हराया। वहीं, महिला रिकर्व युगल स्पर्धा में भावना चौधरी और पूजा जात्यान ने रजत पदक हासिल किया।
निशानेबाज मोना अग्रवाल ने महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतते हुए 357.5 अंक के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाया। एथलेटिक्स में हनी ने पुरुषों की भाला फेंक एफ37/38 स्पर्धा में 60.49 मीटर का थ्रो करके स्वर्ण पदक जीता और विश्व रिकॉर्ड कायम किया।
पैरा एथलेटिक्स में संदीप और सुमित अंतिल का शानदार प्रदर्शन
भारत के संदीप ने पुरुषों की 400 मीटर टी64 स्पर्धा में 52.28 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता और विश्व रिकॉर्ड बनाया। इसी स्पर्धा में अजय कुमार ने 53.61 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
स्टार पैरा भाला फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल ने पुरुषों की एफ42-44/61-64 संयुक्त स्पर्धा में 72.46 मीटर का थ्रो करके स्वर्ण पदक जीता और अपने खिताब का बचाव किया। इस स्पर्धा में भारत ने तीनों पदक अपने नाम किए। महेंद्र गुर्जर ने रजत और संदीप संजय सरगर ने कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुषों की क्लब थ्रो एफ51 स्पर्धा में प्रणव सूरमा ने 32.87 मीटर के प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता और खेलों का रिकॉर्ड बनाया। धरमवीर ने कांस्य पदक हासिल किया।
पैरा बैडमिंटन और तैराकी में भी भारत को सफलता
पैरा बैडमिंटन में थुलासिमथी मुरुगेसन और मानसी गिरिशचंद्र जोशी की जोड़ी ने महिला युगल एसएल3-एसयू5 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में चीन की यांग किउशिया और जियाओ जूशियान को 21-16, 21-13 से हराया।
तैराकी में भारत ने कुल 11 पदक हासिल किए। हिमांशु नंदल ने पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस11 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। इससे पहले वह 400 मीटर फ्रीस्टाइल और 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एस11 स्पर्धाओं में भी कांस्य पदक जीत चुके थे। इस तरह उन्होंने प्रतियोगिता में तीन पदक अपने नाम किए।
कब और कितने बजे होगा समापन समारोह?
एशियन पैरा गेम्स 2026 का समापन समारोह शनिवार, 24 अक्टूबर को जापान के आइची-नागोया में आयोजित किया जाएगा। समारोह भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे शुरू होगा। जापान के स्थानीय समय के अनुसार इसकी शुरुआत शाम छह बजे होगी।
भारत के लिए यह प्रतियोगिता ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में याद की जाएगी। 114 पदकों के साथ भारतीय पैरा खिलाड़ियों ने न केवल अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की खेल क्षमता और दृढ़ संकल्प का भी शानदार प्रदर्शन किया।




















