जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह
एटा। मारहरा क्षेत्र के जिन्हेरा कस्बे में गुरुवार को गर्व और उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब नॉर्थ बंगाल में आयोजित इंडो-नेपाल अशिहारा कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले युवा खिलाड़ी सक्षम ठाकुर का जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने भव्य स्वागत किया।
मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी स्वयं गांव पहुंचकर सक्षम ठाकुर को सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि कम उम्र में सक्षम ने न केवल जनपद एटा बल्कि देश का नाम भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।
ब्लॉक प्रमुख पुष्पेंद्र लोधी ने कहा कि कराटे जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मरक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास करती हैं, जो उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता इंजीनियर सत्येंद्र सिंह राठौर ने कहा कि सक्षम द्वारा अर्जित स्वर्ण पदक नई पीढ़ी को खेलों में आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
जानकारी के अनुसार, नॉर्थ बंगाल में आयोजित इंडो-नेपाल अशिहारा कराटे चैंपियनशिप में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता में कराटियंस स्कूल इंडिया, शिकोहाबाद के छात्र सक्षम ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
सक्षम ठाकुर, जिन्हेरा गांव निवासी सोनू ठाकुर के ज्येष्ठ पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है। परिजनों, खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, इंजीनियर सत्येंद्र सिंह राठौर, देव सोलंकी, आकाश गुप्ता, अशोक उपाध्याय (पूर्व प्रधान), पुष्पेंद्र लोधी (ब्लॉक प्रमुख), रवि वर्मा (ब्लॉक प्रमुख), बंटी राजपूत (जिला पंचायत सदस्य), दुष्यंत ठाकुर, मनवीर सिंह, जगवीर पुंढीर, मयंक उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








