दिल्ली से लौटे दंपती के उड़े होश
औरैया। अजीतमल कस्बे के आजाद नगर मोहल्ले में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता तब चला जब उपचार कराकर दिल्ली से लौटे दंपती ने घर का ताला खोला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आजाद नगर निवासी अवध बिहारी दुबे अपनी पत्नी उमा दुबे के साथ 15 जून को इलाज के लिए दिल्ली गए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मकान के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
बुधवार रात करीब 10 बजे जब दंपती वापस घर पहुंचे और मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर गए तो कमरों के ताले टूटे मिले। अलमारी का लॉक भी उखड़ा हुआ था और घर का सामान बिखरा पड़ा था। यह देख उनके होश उड़ गए।
पीड़ित अवध बिहारी दुबे के मुताबिक, चोर दो पुरुषों की सोने की अंगूठियां, तीन महिलाओं की सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, झुमकी, एक लर, पायल, कंधौनी समेत अन्य कीमती जेवरात चोरी कर ले गए। इसके अलावा करीब 80 हजार रुपये की नकदी, दो बोरी सरसों, स्टील के बर्तन, मिक्सी मशीन और अन्य घरेलू सामान भी उठा ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस चोरों के आने-जाने के संभावित रास्तों की भी जांच कर रही है।
कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।






















