सरोजनीनगर, लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र के ऐन गांव स्थित प्राचीन मां कालिका देवी मंदिर में चोरों ने श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी सामग्री को निशाना बनाया। मंगलवार रात अज्ञात चोर मंदिर में मां की प्रतिमा के ऊपर लगा करीब आधा किलो वजन का चांदी का छत्र चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह इसकी जानकारी होने पर मंदिर कमेटी के सदस्यों में खलबली मच गई। काफी खोजबीन के बावजूद छत्र का कोई पता नहीं चल सका, जिसके बाद मंदिर कमेटी की ओर से पुलिस से शिकायत की गई।
मंदिर कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ. सुंदरलाल के मुताबिक, ऐन गांव में स्थित मां कालिका देवी के प्राचीन मंदिर में मंगलवार रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। मां की प्रतिमा के ऊपर लगा चांदी का छत्र गायब मिलने पर कमेटी के सदस्यों ने अपने स्तर से उसकी तलाश की। आसपास भी छानबीन की गई, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। मंदिर से चांदी का छत्र चोरी होने की घटना से श्रद्धालुओं में भी नाराजगी है।
काफी प्रयासों के बाद डॉ. सुंदरलाल ने गुरुवार को बंथरा थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की तहरीर दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मंदिर और उसके आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों के बारे में कोई जानकारी मिल सके।
फिलहाल पुलिस फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का सुराग लगाने में जुटी है। प्राचीन मंदिर में हुई इस चोरी की घटना ने मंदिर की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चोर कौन थे और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया।





















