लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र के बंथरा थाना अंतर्गत सहिजनपुर गांव में सियार के हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गुरुवार शाम सियार ने दो महिलाओं समेत तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों को पहले नजदीकी निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाया गया। इसके बाद शुक्रवार को महिलाओं को सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और एक अन्य घायल को बेहटा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर इलाज कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि सियार रास्ते से गुजरने वाले लोगों को देखकर उन पर झपट पड़ता है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब पांच बजे गांव की 40 वर्षीय शिवपति और 36 वर्षीय पुष्पा गांव से लगभग 500 मीटर दूर अपने जानवर चरा रही थीं। इसी दौरान अचानक पहुंचे सियार ने शिवपति पर हमला कर दिया। पुष्पा ने उसे भगाने की कोशिश की तो सियार ने उन्हें भी काटकर घायल कर दिया। दोनों महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास जानवर चरा रहे लोग मौके पर पहुंचे और सियार को खदेड़ा। इसके बाद वह पास के जंगल में भाग गया।
इसी दिन गांव के 50 वर्षीय सरदार प्रसाद भी सियार के हमले का शिकार हो गए। बताया गया कि वह गांव के पास बने अपने पशु बाड़े की ओर जा रहे थे, तभी सड़क से नीचे उतरते ही सियार ने उन पर हमला कर दिया। किसी तरह बचकर भागने के दौरान वह घायल हो गए। तीनों घायलों को पहले निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाया गया। शुक्रवार को दोनों महिलाओं को एंबुलेंस से सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जबकि सरदार प्रसाद ने बेहटा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया।
एक ही दिन में तीन लोगों पर सियार के हमले के बाद ग्रामीणों में भय बना हुआ है। उन्हें आशंका है कि सियार दोबारा किसी पर हमला कर सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से सियार को पकड़ने और गांव के आसपास सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत है और वन विभाग की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।





















